August 28, 2026

इन्वेस्टमेंट के नाम पर 60 लाख की धोखाधड़ी, बाप-बेटा गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: थाना एनआईटी क्षेत्र में निवेश के नाम पर 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस चौकी सैनिक कॉलोनी और अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को जीरकपुर, पंजाब से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता परवीन कादियान निवासी बैठन पाना, बेरी, जिला झज्जर ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने निवेश के नाम पर उससे 60 लाख रुपये लिए थे। इनमें 50 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से और 10 लाख रुपये नकद दिए गए थे।

रकम वापस मांगने पर आरोपी टाल-मटोल करने लगे और फोन कॉल का भी जवाब नहीं देते थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर उसे झूठी पुलिस शिकायत में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने भूपेंद्र सिंह चौधरी और उसके बेटे माधव चौधरी, निवासी सेक्टर-85, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि बाप-बेटे के फरीदाबाद, आगरा और गुरुग्राम में पेप्सी डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम हैं। पुलिस के अनुसार, विभिन्न कारणों से उन पर कर्ज बढ़ गया था और उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसी दौरान एक संयुक्त परिचित के माध्यम से उनकी शिकायतकर्ता से मुलाकात हुई। आरोपियों ने निवेश के जरिए पैसा कमाने का झांसा देकर उससे 60 लाख रुपये ले लिए।

पुलिस के मुताबिक, रकम वापस मांगने पर दोनों लगातार बहाने बनाकर शिकायतकर्ता को टालते रहे और पैसे वापस नहीं किए।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।