Faridabad/Alive News: वर्ष 2024 में थाना भूपानी क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने ₹5,000 के इनामी आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवक के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता गिरधारी लाल निवासी गांव खंडेला, सीकर, राजस्थान ने बताया कि उसका बेटा शीशराम भूपानी क्षेत्र में टाइल-पत्थर लगाने का काम करता था। 27 मार्च 2024 को वह अपने साथी के साथ काम करने के लिए भूपानी आया था। 30 मार्च की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी ने शीशराम के सिर पर पत्थर से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और कमरे में छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने ₹5,000 का इनाम घोषित किया था।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर 27 अगस्त 2026 को गणेश निवासी गांव खंडेला, सीकर, राजस्थान को उसके गांव से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि गणेश और शीशराम साथ में टाइल-पत्थर लगाने का काम करते थे। घटना के बाद गणेश शीशराम को मृत समझकर मौके से फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए आसपास के इलाकों में छिपकर रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

