Faridabad/Alive News: दीपावली से पहले फरीदाबाद नगर निगम शहर की सड़कों और बाजारों को रोशन करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइटों की मरम्मत व नई लाइट लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दीपावली तक फरीदाबाद की गलियां, सड़कें और बाजार रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे। हर वार्ड और मुख्य मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है ताकि नागरिक सुरक्षित और उल्लासपूर्ण तरीके से त्योहार मना सकें।
निगम की इलेक्ट्रिक ब्रांच पूरी निष्ठा से यह काम कर रही है। आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि दिन में लाइट जलाकर जांच करना सामान्य प्रक्रिया है, क्योंकि मरम्मत और चेकिंग रात में संभव नहीं होती।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस बारे में फैल रही गलतफहमियों पर ध्यान न दें और सहयोग करें। फिलहाल फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एरिया, एनएच-3 (डीएवी कॉलेज के पास), बल्लभगढ़ गर्ग कॉलोनी, सेक्टर-8 और 9 समेत कई इलाकों में लाइट मरम्मत और नई लाइट लगाने का काम चल रहा है।

