Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में तेलंगाना निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन बैग में रखी अलग-अलग ब्रांड की 82 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब को सिकंदराबाद ले जाने की फिराक में था।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन बल्लभगढ़ पर चेकिंग के दौरान जानू रजनीकांत निवासी भूपाल नगर, पेटी कुंडा, तेलंगाना के पास तीन बैग मिले। शुरुआती पूछताछ में उसने खुद को सरसों के तेल का व्यापारी बताया और कहा कि वह तेल लेकर जा रहा है। शक होने पर पुलिस ने उसके बैग चेक किए तो उनमें तीन अलग-अलग ब्रांड की 82 बोतल शराब मिली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि इसी रेलवे स्टेशन पर पिछले सप्ताह भी करीब 50 किलो गांजा बरामद किया गया था।

