September 23, 2026

15 जून को योग मैराथन, 21 जून को योग दिवस: तैयारियों को लेकर SDM हनी बंसल ने की समीक्षा बैठक

फरीदाबाद में योग मैराथन और योग दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करते एसडीएम हनी बंसल

Faridabad/Alive News: आगामी 15 जून को आयोजित होने वाली योग मैराथन और 21 जून को होने वाले जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एसडीएम हनी बंसल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, पब्लिक हेल्थ और आयुष विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में एसडीएम हनी बंसल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, ट्रैफिक प्रबंधन, एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।

एसडीएम ने बताया कि योग मैराथन का उद्देश्य लोगों को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना है। इससे अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

यह मैराथन 15 जून को सुबह 6 बजे सेक्टर-12 खेल परिसर से शुरू होगी। इसका मार्ग टाउन पार्क और हुडा कार्यालय के सामने से होकर फिर खेल परिसर तक रहेगा। मैराथन में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी भाग लेंगे।

बैठक में जिला आयुर्वेद अधिकारी ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक नागरिक निर्धारित पोर्टल पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

एसडीएम हनी बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकें।

उन्होंने कहा कि योग मैराथन केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।