July 14, 2026

फरीदाबाद में यमुना बाढ़ अलर्ट: डीसीपी ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण

यमुना के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल और पुलिस अधिकारी।

Faridabad/Alive News: यमुना नदी में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने मंगलवार को बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा और राहत तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसीपी तिगांव अशोक कुमार, थाना छांयसा, तिगांव के प्रबंधक और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

डीसीपी बल्लभगढ़ ने मोहना पुल, कटपुला और मंझावली पुल जैसे संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और थाना प्रभारियों को इन क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने थाना तिगांव और छांयसा पुलिस को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों के सरपंचों और स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें, जिससे आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें।

डीसीपी ने कहा कि यदि यमुना नदी का जलस्तर बढ़ता है और बाढ़ की स्थिति बनती है तो प्रभावित लोगों के लिए स्कूलों और धर्मशालाओं जैसे सुरक्षित स्थानों को पहले से चिन्हित किया जाए। साथ ही लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की योजना तैयार रखी जाए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बाढ़ संभावित गांवों में लगातार गश्त और निगरानी रखने, स्थानीय लोगों को सतर्क करने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, 0129-2227200, डायल 112 या स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना दें।

उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।