August 9, 2026

विदेश भेजने के नाम पर 50 हजार की ठगी, इंस्टाग्राम रील से फंसाया; 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad police arrests four accused in work visa fraud

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में विदेश भेजने और वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के ऊना से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी और वर्क वीजा से जुड़ी रील डालकर लोगों को ठगने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, न्यू बसेल्वा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने फरवरी 2026 में इंस्टाग्राम पर जॉर्जिया में वर्क वीजा दिलाने से जुड़ी रील देखी थी। रील के जरिए वह आरोपियों के संपर्क में आया। आरोपियों ने उसे जॉर्जिया भेजने का भरोसा देकर 50 हजार रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

रकम देने के बाद न तो उसे वर्क वीजा मिला और न ही विदेश भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 7 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के बाद पुलिस टीम ऊना पहुंची और जगमोहन सिंह उर्फ जग्गी, हर्ष कुमार उर्फ हर्षू, हिमालय उर्फ हैरी और गगन सैनी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें दो नंबर आर्मेनिया के बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, जगमोहन सिंह गिरोह का मुख्य आरोपी है और हर्ष कुमार उसका साथी है। दोनों ने ऊना के पालिका बाजार में विदेश भेजने के नाम पर एक कार्यालय खोल रखा था। आरोपी इंस्टाग्राम पर विदेश भेजने और नौकरी दिलाने से जुड़ी रील डालकर लोगों को अपने संपर्क में लाते थे।

जांच में सामने आया कि पीड़ित से आर्मेनिया के नंबर से भी बातचीत की गई थी। पुलिस के अनुसार, हर्ष कुमार और हिमालय उर्फ हैरी पहले आर्मेनिया में काम कर चुके हैं। भारत लौटने के बाद दोनों की मुलाकात जगमोहन से हुई और इसके बाद विदेश भेजने के नाम पर ठगी का नेटवर्क तैयार किया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने 20 से 25 ठगी की वारदातों में शामिल होने की बात बताई है। फिलहाल पुलिस इनके नेटवर्क, बैंक खातों, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश भेजने या वर्क वीजा दिलाने वाले विज्ञापनों और रील्स पर बिना जांच के भरोसा न करें। किसी व्यक्ति या एजेंसी को पैसे देने से पहले उसकी वैधता जरूर जांचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।