August 9, 2026

फरीदाबाद पुलिस का साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन, एक सप्ताह में 35 गिरफ्तार

Faridabad Police arrests 35 cyber fraud accused in one week

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह में 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के तीनों साइबर थानों ने 1 से 8 अगस्त 2026 के बीच 7 अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की। इस दौरान साइबर ठगी से जुड़ी रकम में से 23 लाख 38 हजार 500 रुपये बरामद किए गए, जबकि 12 लाख 30 हजार 610 रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए गए।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में की गई। साइबर थाना एनआईटी, साइबर थाना सेंट्रल और साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीमों ने अलग-अलग मामलों की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

एक सप्ताह के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने 3 मामलों, साइबर थाना सेंट्रल ने 2 मामलों और साइबर थाना बल्लभगढ़ ने 2 मामलों में कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों से ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और अन्य माध्यमों के बारे में भी जानकारी जुटाई है।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान आम लोगों की साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर भी तेजी से कार्रवाई की गई। कुल 384 साइबर शिकायतों का निस्तारण किया गया और 12.30 लाख रुपये की ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में फ्रीज कराया गया।

पुलिस उपायुक्त हिमाद्री कौशिक ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर शिकायत करने में देरी न करें। समय पर जानकारी मिलने से ठगी की रकम को बैंक खातों में फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने लोगों को ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, सीवीवी, बैंक पासवर्ड और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की सलाह दी है। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और नौकरी, निवेश, लोन या किसी अन्य ऑनलाइन ऑफर के लालच में बिना जांच के पैसे भेजने से बचने को कहा गया है।

एक सप्ताह की कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कविराज पटेल, अमित कुमार, मोहम्मद कामरान, अरीब, हरदीप, वैध चंद्र, मोहम्मद फैजान, अरुण, केशव, आकाश शुक्ला, आदर्श सिंह, अंकित कनोजिया, दक्ष कालड़ा, राजा पासवान, शाकिर, आसिफ, अमान, फैजान, नितिन, गगन, हिमालय, हर्ष, जगमोहन, अभिजीत, अजय, तरुण, आशीष सहारे, रिंकू, नवीन, अरुण कुमार, मेघराज, दीपक बंसल, राकेश, विजय और संदीप शामिल हैं।