August 9, 2026

फरीदाबाद में एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर 2.30 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad cyber police arrests accused in escort service fraud

Faridabad/Alive news: फरीदाबाद में एस्कॉर्ट सर्विस उपलब्ध कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 2 लाख 30 हजार 800 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी होटल में सर्विस देने का झांसा देकर अलग-अलग चार्ज के नाम पर पीड़ित से पैसे ट्रांसफर करवाते थे।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-3 निवासी व्यक्ति ने 19 नवंबर 2025 को गूगल पर एस्कॉर्ट सर्विस के बारे में सर्च किया था। उसे एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर उसने व्हाट्सऐप के जरिए बातचीत शुरू की। इसके बाद 22 नवंबर को दूसरे नंबर से कॉल कर उसे फरीदाबाद के एक होटल में सर्विस उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया।

इसके बाद आरोपियों ने होटल एंट्री चार्ज, वीआईपी चार्ज, जीएसटी और सर्विस चार्ज समेत अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से रकम जमा करवानी शुरू कर दी। पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 लाख 30 हजार 800 रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने न तो कोई सर्विस दी और न ही रकम वापस की।

ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने सुरेश (27) और राहुल (24), निवासी रैनवाल, जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, सुरेश फोन पर पीड़ितों से बातचीत करता था, जबकि राहुल व्हाट्सऐप पर चैट करता था। सुरेश ठगी की रकम मंगाने के लिए बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध करवाता था। दोनों आरोपियों की मुलाकात एक चाय की दुकान पर हुई थी, जिसके बाद उन्होंने मिलकर साइबर ठगी शुरू की। दोनों 12वीं तक पढ़े हुए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों व मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।