Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में प्रॉपर्टी टैक्स के बाद अब पानी और सीवर शुल्क की नई दरें लागू हो गई हैं। इसका असर शहर के करीब साढ़े 3 लाख वैध पानी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। नई व्यवस्था में पानी की खपत के हिसाब से शुल्क तय किया गया है, यानी ज्यादा पानी इस्तेमाल करने पर ज्यादा बिल देना होगा।
पहले पानी की दर ₹1 प्रति किलोलीटर थी, जिसे बढ़ाकर ₹3 प्रति किलोलीटर कर दिया गया है। यानी पानी की दर में 200 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था का उद्देश्य पानी की खपत को नियंत्रित करना और लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रोत्साहित करना है।
500 वर्ग गज तक के घरेलू कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को कुछ राहत दी गई है। 10 किलोलीटर तक पानी इस्तेमाल करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। 10 से 20 किलोलीटर तक ₹6 प्रति किलोलीटर, 20 से 30 किलोलीटर तक ₹9.50 और 30 किलोलीटर से ज्यादा खपत पर ₹12 प्रति किलोलीटर शुल्क देना होगा।
मीटर वाले कनेक्शनों के अलावा बिना मीटर वाले उपभोक्ताओं के लिए भी नई दरें तय की गई हैं। ऐसे कनेक्शनों पर श्रेणी के अनुसार ₹175 से ₹870 तक मासिक शुल्क लिया जा सकता है। घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शनों पर सीवर शुल्क पानी के बिल का 25 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
वहीं, अवैध पानी और सीवर कनेक्शनों पर नगर निगम सख्ती करेगा। निगमायुक्त यशेंद्र सिंह के मुताबिक, अवैध कनेक्शन मिलने पर ₹500 से ₹1,200 तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।
नई दरें लागू होने के बाद नगर निगम की क्षेत्रीय कराधान शाखा उपभोक्ताओं का डाटा तैयार करने में जुटी है। इससे आने वाले समय में शहर के लाखों उपभोक्ताओं के पानी और सीवर बिल पर असर पड़ने की संभावना है।

