August 25, 2026

फ्रांस में 117 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आया टॉरनेडो, 41 घायल; 300 घरों को नुकसान

फ्रांस में टॉरनेडो से क्षतिग्रस्त घर और इलाके का दृश्य

International/Alive News: फ्रांस में सोमवार देर रात तेज टॉरनेडो ने भारी तबाही मचा दी। करीब 117 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आए इस बवंडर में 41 लोग घायल हो गए, जबकि सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा। कई मकानों की छतें उड़ गईं और सड़क, रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

सबसे ज्यादा नुकसान करीब 1,000 की आबादी वाले पोमास गांव में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, यहां करीब 300 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। घायलों में से 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है, जो घर का हिस्सा गिरने से घायल हुई।

स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए 120 से ज्यादा बचावकर्मियों को मौके पर तैनात किया। तेज तूफान के कारण कई सड़कें बंद करनी पड़ीं और ट्रेनों के संचालन में देरी हुई। हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा और कुछ उड़ानें रद्द की गईं। पेरिस के एयरपोर्ट पर भी उड़ानों में देरी और रद्द होने की जानकारी सामने आई।

फ्रांस के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से के कई इलाकों में तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। परिवहन मंत्री फिलिपे तबारो ने भी तूफान के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी दी।

फ्रांस में हर साल औसतन 40 से 50 टॉरनेडो दर्ज किए जाते हैं। इनमें ज्यादातर कमजोर होते हैं और आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रहते हैं। हालांकि, घनी आबादी वाले इलाकों में शक्तिशाली बवंडर का पहुंचना अपेक्षाकृत दुर्लभ माना जाता है।