August 27, 2026

फरीदाबाद में 21 जुलाई से शुरू होगा व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह

फरीदाबाद में व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को करियर और रोजगार संबंधी जानकारी देतीं सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह।

Faridabad/Alive News: रोजगार विभाग की ओर से 21 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को करियर, रोजगार, तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

उपमंडल रोजगार कार्यालय, बड़खल के तहत 21 जुलाई को राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-5 और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-5 में कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 23 जुलाई को राजकीय आईटीआई सिकरोना, फरीदाबाद में विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा।

इन कार्यक्रमों में सहायक रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार सही करियर चुनने के बारे में जानकारी देंगी। साथ ही युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकसित करने और भविष्य के बेहतर रोजगार अवसरों के लिए तैयार होने के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

डॉ. नेहा सिंह विद्यार्थियों को रोजगार कार्यालय में पंजीकरण कराने के लाभ, जॉब फेयर, रोजगार विभाग की विभिन्न योजनाओं, तकनीकी शिक्षा, स्वरोजगार और करियर से जुड़े नए अवसरों की जानकारी भी देंगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा देकर उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।