Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में वाहन चोरी के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21C निवासी पंकज ने थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि वह 29 सितंबर को सेक्टर-21D स्थित हनुमान मंदिर गया था। मंदिर से वापस आने पर उसकी मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने 4 अक्टूबर को मेहताब निवासी सरिता विहार, दक्षिण दिल्ली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और कथित तौर पर नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पेंट करने का काम करता है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

