Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में विज्ञापन कराने के नाम पर 1.80 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मामले में दिल्ली के जामिया नगर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति अपने ब्रांडिंग कार्य के लिए विज्ञापन करवाना चाहता था। इसी दौरान उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने विज्ञापन कराने का झांसा दिया और ब्रांडिंग प्रोडक्ट से जुड़ी जानकारी मांगी।
इसके बाद आरोपी ने एडवर्टाइजिंग मैटेरियल भेजने के नाम पर शिकायतकर्ता से 1.80 लाख रुपये ले लिए, लेकिन पैसे लेने के बाद कोई ब्रांडिंग सामग्री नहीं भेजी। ठगी का पता चलने पर शिकायतकर्ता ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए इमरान निवासी जामिया नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि इमरान संबंधित बैंक खाते का खाताधारक है। उसके खाते में ठगी की रकम में से 1.30 लाख रुपये आए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीए पास है और दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

