October 7, 2026

फरीदाबाद में दो महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार, 1.188 किलो गांजा बरामद

फरीदाबाद में गांजा तस्करी के आरोप में दो महिला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 188 ग्राम गांजा बरामद किया है।

एचएसएनसीबी के अनुसार, यूनिट की टीम एएसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में समयपुर बस स्टैंड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं सेक्टर-56 के समयपुर क्षेत्र स्थित बैर वाला चौक के पास गांजा बेचने के लिए खड़ी हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शबनम उर्फ शब्बो निवासी समयपुर कॉलोनी और अमीना निवासी राजीव कॉलोनी, सेक्टर-58, फरीदाबाद के रूप में हुई। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मी द्वारा तलाशी लेने पर शबनम के पास मौजूद प्लास्टिक की थैली से गांजा बरामद हुआ। डिजिटल कांटे से वजन करने पर इसकी मात्रा 1 किलो 188 ग्राम पाई गई।

इस संबंध में थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

एचएसएनसीबी ने आमजन से नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशे से संबंधित सूचना हेल्पलाइन नंबर 1933 या 90508-91508 पर दी जा सकती है।