Faridabad/Alive News: सेक्टर-3 स्थित वाल्मीकि मंदिर के पास युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को सेक्टर-3 निवासी निपुण कुमार पटेल पूजा करने के लिए वाल्मीकि मंदिर गया था। इसी दौरान नकाबपोश बाइक सवारों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया कि एक महिला से बातचीत को लेकर आरोपी युवक से रंजिश रखते थे। इसी कारण तीन आरोपियों ने मिलकर हमले की योजना बनाई और पहचान छिपाने के लिए नकाब पहनकर वारदात को अंजाम दिया।
अपराध शाखा ऊंचा गांव ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ करेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

