November 4, 2026

नशा करने से रोकने पर परिवार पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर में नशा करने से रोकने पर एक परिवार पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक रामजी शर्मा के नाना मुन्ना शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रामजी और उनकी मां को भी चोटें आईं। अपराध शाखा एनआईटी ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की रात कुछ युवक रामजी के घर के सामने खाली प्लॉट में नशा कर रहे थे। रामजी और उनकी मां ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो वे गाली-गलौज कर चले गए। कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ लौटे और हमला कर दिया। इस दौरान कपिल ने चाकू से रामजी और उनके नाना पर कई वार किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल, अंशराज दुबे और यश उर्फ अंशु के रूप में हुई है। कपिल को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।