November 28, 2026

पार्किंग विवाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी ने 9 गोलियां मारीं; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: सेक्टर-21सी में पार्किंग विवाद को लेकर टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनके पड़ोसी मोहन शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को 9 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान उनके बेटे शौर्य ने गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।

पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच गाड़ी खड़ी करने और पार्किंग में कुत्ते को शौच कराने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे परमजीत जिम से लौटे थे। इसी दौरान पड़ोसी मोहन शर्मा ने उनके फ्लोर की घंटी बजाकर उन्हें गाड़ी हटाने के लिए नीचे बुलाया। परमजीत अपने बेटे के साथ पार्किंग में पहुंचे तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मोहन ने पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। उसने शौर्य पर भी फायरिंग की, लेकिन वह गाड़ियों के पीछे छिपकर बच गया।

परमजीत का परिवार मकान नंबर 641 में रहता था, जबकि आरोपी का परिवार इसी इमारत की दूसरी मंजिल पर रहता है। पुलिस के मुताबिक, घटना से चार-पांच दिन पहले भी आरोपी और परमजीत के बेटे के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन उस समय मामला सुलझ गया था।

परमजीत सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को अपने भांजे की शादी में शामिल होना था, लेकिन इससे पहले ही उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अपराध शाखाओं ने आरोपी की तलाश शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 7 नवंबर को मुख्य आरोपी मोहन शर्मा उर्फ मोहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पार्किंग विवाद के चलते परमजीत पर गोलियां चलाने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें।