Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर 9.66 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद साइबर थाना NIT की टीम ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। इस मामले में प्रिंस और सोमपाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उसे एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने खुद को Mew Wealth Private Limited का सहायक बताया और शेयर मार्केट में निवेश करके कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता से अक्टूबर 2025 के दौरान अलग-अलग UPI आईडी और बैंक खातों में कुल 9,66,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। जब शिकायतकर्ता को ठगी का पता चला तो उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने मोहम्मद इरशाद निवासी बरबार माजरा, मुरादाबाद और मोहम्मद बिलाल निवासी लाजपत नगर, काठघर, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने प्रिंस के माध्यम से सोमपाल के पिता का बैंक खाता प्राप्त किया था। इसके बाद यह खाता साइबर ठगी करने वालों को उपलब्ध करवाया गया। पुलिस के अनुसार, खाते का एक्सेस सोमपाल के पास था और उसमें उसकी ई-मेल आईडी दर्ज थी। इसी बैंक खाते में साइबर ठगी के 2 लाख रुपये आए थे।
पुलिस के मुताबिक, जब इस बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था, उस दौरान आरोपियों ने प्रिंस और सोमपाल को हल्द्वानी में अपने पास ठहराया था।
पुलिस ने दोनों नए आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

