October 11, 2026

फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपी और बरामद हथियार व औजार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में घरों में डकैती, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्य प्रदेश से फरीदाबाद आकर घरों की रेकी करते थे और वारदात के बाद वापस अपने राज्य लौट जाते थे।

एसीपी क्राइम अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 10 और 11 अक्टूबर 2026 की रात अपराध शाखा सेक्टर-16 के प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह की टीम को सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश के एक गिरोह के छह से सात सदस्य गांव सोतई के पास आगरा नहर पुल की पटरी पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भागने लगे और इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में सतबीर और प्रताप के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने सातों आरोपियों को काबू कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतबीर और सुखलाल निवासी गांव रुशिया टपरा, जिला विदिशा, मध्य प्रदेश; प्रताप, बेताल, धनसिंह, देवधर और हरबीर निवासी गांव कनेरा, जिला गुना, मध्य प्रदेश के रूप में की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, दो कारतूस, दो बड़े चाकू (दाव), दरवाजे तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले दो सरिये, दो गुलेल और 17 कंचे बरामद किए हैं। पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है कि इनका इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया था।

एसीपी क्राइम अमन यादव के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि गिरोह के सदस्य मध्य प्रदेश से दूसरे राज्यों में आते थे। यहां वे घरों की रेकी करते और मौका मिलने पर चोरी, लूट या डकैती की वारदात को अंजाम देते थे। वारदात के बाद वे वापस मध्य प्रदेश चले जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सतबीर 19 और 20 सितंबर की रात सेक्टर-17 स्थित एक मकान में हुई चोरी की वारदात में भी शामिल रहा है। पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि गिरोह के सदस्यों ने हाल ही में मध्य प्रदेश के गुना में करोड़ों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में मध्य प्रदेश पुलिस ने आरोपी प्रताप की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रताप के खिलाफ आठ, बेताल के खिलाफ दो और धनसिंह के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। पुलिस सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही फरीदाबाद और अन्य राज्यों में हुई चोरी, लूट तथा डकैती की वारदातों में उनकी संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।