Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना NIT ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 9.66 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी के 2 लाख रुपये आए थे। यह बैंक खाता विभिन्न राज्यों में दर्ज 12/13 साइबर ठगी की शिकायतों से भी जुड़ा मिला है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 अक्टूबर 2025 को उसे एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने अपना नाम Amelia Reid बताते हुए खुद को Mew Wealth Private Limited की सहायक बताया और शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता का निवेश संबंधी अकाउंट खुलवाया गया और अलग-अलग UPI आईडी व बैंक खातों में पैसे जमा कराए गए। अक्टूबर 2025 के दौरान शिकायतकर्ता से कुल 9.66 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। जब न तो मुनाफा मिला और न ही रकम वापस हुई, तब पीड़ित को साइबर ठगी का पता चला और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजैक्शन के आधार पर वैदचंद्रा बर्मन (40), निवासी सरिता विहार, दिल्ली को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि वैदचंद्रा बर्मन इस गिरोह में सेकेंड लेयर खाताधारक की भूमिका निभा रहा था। उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसके जरिए ठगी की रकम आगे दूसरे खातों में भेजी जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खाते में इस मामले से जुड़े 2 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में 12/13 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

