October 19, 2026

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 9.66 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में शेयर मार्केट साइबर ठगी मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली साइबर थाना NIT पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर 9.66 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने उत्तराखंड के नैनीताल निवासी मोहम्मद मोसिन (30) और मोहम्मद फिरसत (29) को गिरफ्तार किया है। दोनों पर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-43 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 8 अक्टूबर 2025 को उसके व्हाट्सऐप पर विदेशी नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाली महिला ने खुद को Mew Wealth Private Limited का सहायक बताया और शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अक्टूबर 2025 के दौरान अलग-अलग UPI आईडी और बैंक खातों में कुल 9,66,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का पता चलने पर उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मोहम्मद मोसिन और मोहम्मद फिरसत ने इरसाद और बिलाल से बैंक खाते लेकर आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध कराए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आठवीं पास हैं और मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।