Faridabad/Alive News: ऑनलाइन निवेश पर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर 2 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने दिल्ली निवासी हर्ष (25), राहुल (30) और सर्वेश (20) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-21 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 18 मई 2026 को उसने गूगल पर QORA.COM से संबंधित ऑनलाइन निवेश का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताया और निवेश से ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद जूम मीटिंग के जरिए उसे निवेश के लिए राजी किया गया और उसका एक अकाउंट भी खुलवाया गया।
शिकायतकर्ता आरोपियों के झांसे में आ गया और उसने 18 मई से 8 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2,44,25,000 रुपये निवेश कर दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी हर्ष ने अपना बैंक खाता राहुल को दिया था। वहीं, सर्वेश ने आरोपी भीम का बैंक खाता आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध कराया था। भीम को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, हर्ष के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 2.50 लाख रुपये आए थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से राहुल और सर्वेश को जेल भेज दिया गया, जबकि हर्ष को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और ठगी से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है।

