Faridabad/Alive News: गाजीपुर रोड स्थित एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने स्कूल की CCTV फुटेज कब्जे में लेकर छात्रा की घटना से पहले की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर करीब दो घंटे तक प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में छात्रा घटना से पहले तीन से चार बार प्रधानाचार्य के कार्यालय के आसपास आती-जाती दिखाई दे रही है। फुटेज में वह करीब पांच मिनट तक कक्षा के बाहर खड़ी और बाद में बाहर रखी कुर्सी पर बैठी भी नजर आ रही है। पुलिस अब इन गतिविधियों के आधार पर यह समझने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले स्कूल में उसके साथ क्या हुआ था।
बिरयानी को लेकर भी पुलिस कर रही जांच
मामले में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्रा के पास स्कूल में वेज बिरयानी कहां से आई थी। छात्रा के पिता का कहना है कि उनकी बेटी घर से बिरयानी लेकर स्कूल नहीं गई थी। वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि स्कूल में बिरयानी नहीं दी जाती। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा बिरयानी कहां से लाई थी और इसे खाने को लेकर स्कूल में उसके साथ क्या हुआ था।
छात्रा के पिता ने डबुआ थाना पुलिस को दी शिकायत में स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि उनकी बेटी प्रधानाचार्य और महिला हेडमास्टर के कथित व्यवहार से परेशान थी। पिता के मुताबिक, कक्षा में बिरयानी खाने के कारण छात्रा को बाहर खड़ा किया गया था। उनका दावा है कि इसके बाद वह मानसिक दबाव में आ गई और उसने स्कूल की छत से छलांग लगा दी।
स्कूल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज
पिता की शिकायत के आधार पर डबुआ थाना पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब CCTV फुटेज, स्कूल स्टाफ से पूछताछ और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
मंगलवार को छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता के डेढ़ घंटे तक प्रिंसिपल ऑफिस में रहने के दावे की भी जांच
छात्रा के पिता का दावा है कि उन्होंने स्कूल की CCTV फुटेज देखी है। उनके अनुसार, घटना से पहले उनकी बेटी करीब डेढ़ घंटे तक प्रधानाचार्य के कमरे में रही थी। इसके बाद वह वहां से निकलकर छत की ओर गई।
पुलिस इस दावे की भी CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा वास्तव में कितनी देर प्रधानाचार्य के कार्यालय में रही और उस दौरान वहां कौन-कौन मौजूद था।
छत की सीढ़ियों पर गेट नहीं होने की भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्रा छत तक किस रास्ते से पहुंची और उस दौरान किसी ने उसे रोकने की कोशिश की या नहीं। छात्रा के पिता के मुताबिक, छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर कोई गेट नहीं लगा था।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, स्कूल स्टाफ के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों को समझने में जुटी है। छात्रा के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

