Faridabad/Alive News: गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा ने स्कूल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद स्कूल स्टाफ छात्रा को अस्पताल ले जाने के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान जानवी के रूप में हुई है। छात्रा के पिता प्रमोद कुमार ने स्कूल की एक टीचर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टीचर ने उनकी बेटी को कथित तौर पर सजा के तौर पर करीब चार घंटे तक क्लास से बाहर खड़ा रखा था। पिता के मुताबिक, इस घटना से उनकी बेटी काफी आहत थी।
छुट्टी के समय तीसरी मंजिल पर पहुंची छात्रा
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे स्कूल में छुट्टी हुई थी। इसी दौरान जानवी स्कूल की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई। कुछ देर बाद स्कूल में तेज आवाज सुनाई दी। स्टाफ ने देखा कि छात्रा जमीन पर घायल हालत में पड़ी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हालांकि, छात्रा तीसरी मंजिल पर कैसे पहुंची, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। स्कूल प्रबंधन और परिजनों की ओर से घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं।
पिता ने टीचर पर लगाया आरोप
जानवी के पिता प्रमोद कुमार ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी है। जानवी 11वीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि उसका छोटा भाई आर्य भी इसी स्कूल में पढ़ता है। पिता के अनुसार, स्कूल के कुछ बच्चों ने उन्हें बताया कि मंगलवार को कुछ छात्राओं के बीच झगड़ा हुआ था। उनका दावा है कि इस विवाद में जानवी की कोई भूमिका नहीं थी, इसके बावजूद एक टीचर ने उसे सजा दी।
चार घंटे बाहर खड़ा रखने का दावा
प्रमोद कुमार का आरोप है कि उनकी बेटी को करीब चार घंटे तक क्लास से बाहर धूप में खड़ा रखा गया। उनका कहना है कि इस घटना से जानवी मानसिक रूप से काफी आहत हुई और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और पुलिस के सामने घटना की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
स्कूल प्रबंधन ने सजा देने के आरोप से किया इनकार
स्कूल के प्रिंसिपल आरपी शर्मा ने छात्रा को सजा देने के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि जानवी को किसी तरह की सजा नहीं दी गई थी। प्रिंसिपल के मुताबिक, छात्रा कक्षा में मौजूद थी और वॉशरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी। इसके बाद वह तीसरी मंजिल पर पहुंची और वहां से नीचे छलांग लगा दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल घटना की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस छात्रा के परिजनों और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया।

