September 12, 2026

फरीदाबाद में 36 दिन बाद काम पर लौटे सफाई कर्मचारी, शहर से कचरा उठाने का अभियान शुरू

फरीदाबाद में 36 दिन बाद काम पर लौटकर सफाई करते नगर निगम कर्मचारी

Faridabad/Alive News: 36 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सरकार के साथ मांगों पर सहमति बनने के बाद खत्म हो गई। हड़ताल समाप्त होते ही शनिवार सुबह नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में काम पर लौट आए। लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित रहने के कारण शहर के कई हिस्सों में जमा कूड़े को हटाने के लिए कर्मचारियों ने अभियान शुरू किया।

काम पर लौटने के बाद कर्मचारियों ने बाजारों, मुख्य सड़कों, कॉलोनियों और गलियों में सफाई शुरू की। कई जगह घरों और दुकानों के बाहर जमा कूड़े के ढेर हटाए गए। नालियों में जमा गंदगी और कचरे को भी साफ किया गया। कर्मचारियों के मुताबिक, उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां लंबे समय से कचरा जमा है।

नगर निगम सफाई कर्मचारी नेता बलबीर बालगुहेर ने बताया कि सरकार के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी है। बैठक में कर्मचारियों की ओर से राज्य प्रधान नरेश शास्त्री मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से सफाई कर्मचारियों की 16 मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद हड़ताल खत्म कर कर्मचारियों को काम पर लौटने की अपील की गई।

36 दिन की हड़ताल से प्रभावित हुई सफाई व्यवस्था

बलबीर बालगुहेर ने कहा कि कर्मचारियों के 36 दिनों तक काम पर नहीं आने के कारण शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर लग गए थे। बाजारों, गलियों और रिहायशी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। अब कर्मचारी प्राथमिकता के आधार पर इन स्थानों की सफाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन कर्मचारी लगातार अभियान चलाकर स्थिति सुधारने में जुटे हैं।

लोगों को गंदगी और दुर्गंध से राहत की उम्मीद

सफाई कर्मचारियों के काम पर लौटने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने राहत की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण कई इलाकों में गंदगी और दुर्गंध की समस्या बनी हुई थी। अब कूड़ा उठने और सफाई शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पहले शहर में सफाई अभियान को तेज करने और अधिक से अधिक क्षेत्रों को साफ करने की बात कही है।