Faridabad/Alive News: दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले रेलवे पुलों पर सफर अब वाहन चालकों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि झटकों का सफर बन गया है। बल्लभगढ़-सोहना, बाटा, नीलम और बड़खल रेलवे पुलों की सड़कों पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे उभर आए हैं।
इन गड्ढों से गुजरते समय वाहन चालकों को जोरदार झटका लग रहा है। विडंबना यह है कि इन सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों पर मानो खामोशी सवार है।
वर्षा के बाद तो हालत अधिक खराब हो गई है। अब न निरीक्षण हो रहा है और न ही मरम्मत की कोई ठोस पहल दिखाई दे रही है। सभी पुल दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी महत्वपूर्ण लिंक सड़कों का हिस्सा हैं। इन पुलों पर प्रतिदिन पांच लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है।
दो करोड़ खर्च, फिर उखड़ने लगी सड़क
नीलम रेलवे पुल की सड़क पर तो कुछ समय पहले ही करीब दो करोड़ रुपये खर्च कर मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत को अभी करीब एक साल ही हुआ है, लेकिन सड़क की हालत फिर खराब होने लगी है। जगह-जगह सड़क की सतह टूटने और गड्ढे बनने से सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी राशि खर्च करने के बाद भी सड़क टिक क्यों नहीं पाई

