August 24, 2026

फरीदाबाद पुलिस का बड़ा अभियान: एक दिन में 40 गिरफ्तार, शराब, गांजा, देसी कट्टे और नकदी बरामद

विशेष अभियान के दौरान बरामद अवैध शराब, देसी कट्टे, गांजा और गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से अपराध शाखा और थाना स्तर की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और जुए से जुड़ी नकदी बरामद की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 11 जुलाई को चलाए गए अभियान के दौरान अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 1169 पव्वे देशी और अंग्रेजी शराब तथा 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने और सट्टा लगाने के मामलों में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से ₹18,320 नकद बरामद किए गए। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत संबंधित थानों में मामले दर्ज किए गए।

अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान में अपराध शाखा की टीमों ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 5 अवैध देसी कट्टे बरामद किए गए। सभी हथियार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.230 किलोग्राम गांजा, 21 पेंटाजोसिन इंजेक्शन और 4 बुप्रेनॉर्फीन इंजेक्शन बरामद किए गए।