July 12, 2026

फरीदाबाद: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 96 हजार की साइबर ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार

वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल कर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी

Faridabad/Alive News: वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 96 हजार की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मराज (उम्र 31), रवि (उम्र 28) और विक्रम (उम्र 26) निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी रवि इस मामले में पहली लेयर का खाताधारक था, जिसके बैंक खाते में ठगी के 96,000 आए थे। वहीं धर्मराज दूसरी लेयर का खाताधारक था, जिसके खाते में 45,000 ट्रांसफर किए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विक्रम ने धर्मराज का बैंक खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। धर्मराज और विक्रम दोनों एक ही गांव के निवासी हैं और मजदूरी का काम करते हैं।

पुलिस के अनुसार, एनआईटी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 मई की रात करीब 2 बजे उसके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई। जैसे ही उसने कॉल रिसीव की, उसका चेहरा कैप्चर कर लिया गया।

इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता के चेहरे का इस्तेमाल कर एक आपत्तिजनक वीडियो एडिट किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। डर का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से शिकायतकर्ता से 96,000 की ठगी कर ली।

पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य साइबर ठगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।