July 12, 2026

फरीदाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: एक सप्ताह में 43 साइबर ठग गिरफ्तार, 15.30 लाख बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार साइबर ठग और बरामद नकदी

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने एक सप्ताह में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में 4 से 10 जुलाई के बीच तीनों साइबर थानों की टीमों ने 43 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 15,30,000 की राशि बरामद की, जबकि 320 शिकायतों का निस्तारण कर 3,56,458 विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई साइबर थाना एनआईटी, साइबर थाना सेंट्रल और साइबर थाना बल्लभगढ़ की संयुक्त टीमों द्वारा की गई। इस दौरान कुल 10 साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 43 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न साइबर अपराधों में कार्रवाई की गई। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 320 मामलों का निस्तारण किया गया और ठगी की 3.56 लाख से अधिक की राशि संदिग्ध खातों में फ्रीज कराई गई।