Faridabad/Alive News: अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 बोतल अंग्रेजी शराब और 54 पव्वे देसी शराब बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहली कार्रवाई पुलिस चौकी सिकरी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। इस मामले में विष्णु, निवासी गांव भिडोसा, जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 20 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
दूसरी कार्रवाई पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने की। इस दौरान अमन कुमार, निवासी शिव एन्क्लेव पार्ट-2, इस्लामपुर, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 54 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

