Faridabad/Alive News: त्योहारी सीजन में बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए फरीदाबाद पुलिस सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली प्रभारी मनजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक और दो नंबर बाजार में पैदल गश्त की। इस दौरान चौकी प्रभारी दर्शन सिंह भी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और खरीदारी करने आए लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के आदेशों तथा पुलिस आयुक्त सतेन्द्र गुप्ता और डीसीपी एनआईटी के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से बाजारों में भीड़ के दौरान सतर्क रहने और अपने सामान की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।
पुलिस टीम ने बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़ बढ़ने से जेबकतरी, पर्स चोरी और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं का खतरा रहता है। ऐसे में लोगों को अपने मोबाइल फोन, पर्स और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।
आग से बचाव के लिए भी किया जागरूक
पुलिस ने दुकानदारों को बिजली के तारों, सजावटी लाइटों और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच करने की सलाह दी। साथ ही दुकानों के सामने रास्ते बाधित न करने और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने की अपील की, ताकि आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी हो सके।
थाना कोतवाली प्रभारी मनजीत सिंह ने कहा कि त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में पुलिस के साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूकता और गश्त जारी रहेगी।

