June 25, 2026

राहुल कॉलोनी में फरीदाबाद पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 125 से अधिक पुलिसकर्मी रहे तैनात

राहुल कॉलोनी में सर्च ऑपरेशन चलाती फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम।

Faridabad/Alive News: अवैध नशे और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बुधवार अल सुबह राहुल कॉलोनी में व्यापक कांबिंग एवं सर्चिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई में 7 टीमों के साथ 125 से अधिक पुलिसकर्मी, महिला कर्मचारी, डॉग स्क्वायड और कमांडो टीम शामिल रही।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एसीपी क्राइम-2 वरुण दहिया के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और क्षेत्र में गहन तलाशी ली गई।

सर्चिंग अभियान के दौरान कोई अवैध नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, लेकिन 51 पव्वे देशी शराब बरामद की गई। इस मामले में AVTS सिकरौना टीम ने नेहरू कॉलोनी निवासी जुगनू को गिरफ्तार किया है।

फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास कहीं अवैध नशे या नशा तस्करी की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।