Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने हत्या के एक 12 साल पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेंट्रल और थाना तिगांव की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप निवासी खोरी, तावडू, मेवात और विजय कुमार निवासी हरफली, पलवल के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस उनके दो अन्य भाइयों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वर्ष 2014 में थाना तिगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सिढौला में आपसी रंजिश व लड़ाई-झगड़े के दौरान सुमित नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना तिगांव में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही संदीप और विजय कुमार पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे थे। अदालत द्वारा दोनों को भगोड़ा यानी उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था।
विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर दबोचा फरार आरोपियों की सुरागकशी के लिए फरीदाबाद पुलिस की टीमें मेवात, पलवल, भिवाड़ी और गुरुग्राम में लगातार दबिश दे रही थीं। आखिरकार 29 अक्टूबर को पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने आरोपी संदीप को सेक्टर-12 स्थित अदालत परिसर के पास से गिरफ्तार किया, जबकि थाना तिगांव की टीम ने दूसरे आरोपी विजय कुमार को उसके पलवल स्थित हरफली गांव से धर दबोचा।
बदल-बदल कर रह रहे थे ठिकाने प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या की वारदात के बाद दोनों आरोपी फरीदाबाद छोड़कर अलग-अलग इलाकों में छिपकर रह रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने और रूप-हिया बदल रहे थे। संदीप मेवात के खोरी गांव में रहकर मजदूरी (बेलदारी) और ऑटो चलाने का काम कर रहा था, वहीं विजय कुमार राजमिस्त्री का काम कर रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

