Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-21C निवासी व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 1.95 लाख रुपये निकालने के मामले में साइबर थाना NIT पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम का एक हिस्सा जिस बैंक खाते में पहुंचा था, उसके खाताधारक को जम्मू से गिरफ्तार किया। आरोपी के खाते में ठगी के 97 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 1.95 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगी की रकम के लेन-देन की कड़ियों को जोड़ा। इसी जांच में आरोपी रोहित (28), निवासी जम्मू की पहचान हुई। उसके बैंक खाते में साइबर ठगी की 97 हजार रुपये की रकम पहुंची थी। पुलिस टीम ने उसे 24 अगस्त को जम्मू से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, रोहित 12वीं पास है और जम्मू में लोन रिकवरी का काम करता है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों पर विशेष निगरानी रख रही है। पुलिस तकनीकी और बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर रकम की ट्रांजेक्शन चेन को ट्रैक कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल, बैंक खाते, ATM/डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग और UPI से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, ऐप या फाइल डाउनलोड करने से भी बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें, ताकि रकम को समय रहते फ्रीज कराने की कोशिश की जा सके।

