August 25, 2026

शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर आर्मी रिटायर्ड कर्मचारी से 6.76 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार खाताधारक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर आर्मी से रिटायर्ड कर्मचारी से 6.76 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन (27), निवासी मंगोलपुरी, राजपार्क, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 23 अगस्त को उसके घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रेहड़ी लगाने का काम करता है। उसके नाम पर DG More Private Investment नाम से एक फर्म बनाई गई थी और उसका चालू खाता भी खुलवाया गया था। जांच में सामने आया कि इसी खाते में ठगी की रकम में से 5.33 लाख रुपये आए थे। आरोपी 9वीं कक्षा तक पढ़ा है।

जांच में यह भी पता चला है कि इस फर्म के बैंक खाते के खिलाफ गोवा, कर्नाटक समेत अन्य राज्यों में 6 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब खाते में हुए लेन-देन और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आदर्श नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 7 जुलाई 2026 को उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ा विज्ञापन देखा था। इसके बाद उसे एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।

आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 6.76 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया और जांच के बाद खाताधारक सचिन को गिरफ्तार किया गया।