August 25, 2026

268 ग्राम गांजा बरामद, राजीव कॉलोनी से आरोपी गिरफ्तार; क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की कार्रवाई

फरीदाबाद में पुलिस द्वारा बरामद किया गया गांजा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 268 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सेक्टर-56 स्थित आसियाना फ्लैट्स के पास से पकड़ा गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 24 अगस्त को क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति क्षेत्र में गांजा लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 268 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना सेक्टर-58 में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 500 ग्राम गांजा दिल्ली के सदर बाजार से 5 हजार रुपये में लेकर आया था। पुलिस के मुताबिक, इसमें से कुछ गांजा वह खुद इस्तेमाल कर चुका था और कुछ बेच दिया था।

पुलिस ने आरोपी की पहचान शिवम (25), निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।