October 7, 2026

ऑफिस से 7.80 लाख रुपये चोरी, आरोपी गिरफ्तार; 2 दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद सीकरी में ऑफिस से 7.80 लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सीकरी चौकी क्षेत्र में ऑफिस में रखे बैग से 7 लाख 80 हजार रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी सीकरी की टीम ने आरोपी को तकनीकी सहायता से कोसी से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान आशीष राठी निवासी इटावा, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, नगला जोगियान निवासी जोगेंदर ने शिकायत दी थी कि वह प्रॉपर्टी का काम करता है। करीब 5-6 महीने पहले उसने आशीष राठी को सीकरी स्थित अपने ऑफिस में काम पर रखा था।

शिकायत के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को जोगेंदर पैसों से भरा बैग ऑफिस में रखकर किसी काम से बाहर चला गया था। इसी दौरान आशीष राठी मौका पाकर बैग लेकर वहां से फरार हो गया। बैग में करीब 7 लाख 80 हजार रुपये रखे हुए थे।

शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी सहायता से आरोपी को कोसी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चोरी की रकम की बरामदगी के लिए आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।