Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की NIT नंबर-1 मार्केट में बुधवार देर रात एक कपड़ों के शोरूम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कपड़ों के शोरूम समेत चार बड़ी दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें आसपास की इमारतों तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात NIT-1 मार्केट में एक कपड़ों के शोरूम में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैलने के कारण दमकलकर्मियों को इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीमों ने लगातार पानी डालकर आग को आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। कई घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, तब तक चार दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान काफी हद तक जल चुका था।
आग लगने का शुरुआती कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना कोतवाली NIT के प्रभारी मंजीत के अनुसार, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग कैसे लगी, इस बारे में जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

