August 22, 2026

फरीदाबाद के NIT-3 में छात्राओं को नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फरीदाबाद NIT-03 में छात्राओं को साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करती पुलिस टीम

Faridabad/Alive News: पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में सामुदायिक पुलिसिंग सेल की ओर से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, NIT-03 में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, डायल-112 और ट्रिप मॉनिटरिंग जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी गई।

सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने छात्राओं को साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों के बारे में बताया। उन्हें सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या निजी जानकारी साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान कॉल पर भरोसा करने से बचने की अपील की गई। सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने के बारे में भी जानकारी दी गई।

पुलिस चौकी टाउन नंबर-3 के प्रभारी एसआई मनोज कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और डायल-112 सेवा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल-112 का इस्तेमाल किया जा सकता है। छात्राओं को सुरक्षित यात्रा और आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध पुलिस सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया।

विद्यालय की अध्यापिका प्रियंका शर्मा ने कार्यक्रम में सहयोग करते हुए छात्राओं से जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने छात्राओं को साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा नशा मुक्ति से जुड़े सवाल पूछे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।