September 15, 2026

फरीदाबाद: पड़ोस की नीयत में खोट! घर के बाहर से मोबाइल की पेटी चोरी, आरोपी गिरफ्तार, 14 फोन बरामद

Faridabad/Alive News : शहर में चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा AVTS सिकरौना ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 14 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह मामला थाना आदर्श नगर क्षेत्र का है। यादव कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 अप्रैल को वह अपने घर के बाहर मोबाइल फोन की एक पेटी रखकर किसी काम से थोड़ा दूर हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर पेटी चोरी कर ली, जिसमें करीब 15 मोबाइल फोन थे।

AVTS सिकरौना की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूत्रों की मदद से 23 अप्रैल को आरोपी यश (निवासी प्रेम नगर, आदर्श नगर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी शिकायतकर्ता का पड़ोसी ही है।

आरोपी यश ने बताया कि 9 अप्रैल की रात जब जितेंद्र ने मोबाइल की पेटी बाहर रखी थी, तब उसने अंधेरे का फायदा उठाया और चुपके से पेटी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से 14 फोन बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया गया है। फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।