Faridabad/Alive News: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती और बाल दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। नीलम चौक स्थित नेहरू जी की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक कृष्णा कॉलोनी स्थित स्वावलंबन एनजीओ द्वारा संचालित बच्चों के स्कूल पहुंचे। यहां बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
बलजीत कौशिक ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश के विकास, शिक्षा, उद्योग और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कौशिक ने कहा कि आईआईटी, आईआईएम, एम्स, इसरो और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र जैसी संस्थाओं के विकास में नेहरू के कार्यकाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने फरीदाबाद के एनआईटी और औद्योगिक विकास में भी नेहरू के योगदान का उल्लेख किया।
कार्यक्रम में रेनू चौहान, अनिल शर्मा, डॉ. सौरभ शर्मा, मुकेश डागर, गौरव ढींगड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

