November 14, 2026

सीसीटीवी में कैद हुई बेजुबान पर बेरहमी, रोकने की कोशिश करते रहे लोग फिर भी नहीं रुका डंडा

Faridabad/Alive News: गली में बैठे बेजुबान कुत्तों पर अचानक एक व्यक्ति ने डंडे बरसाने शुरू कर दिए। आसपास मौजूद लोग उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह लगातार कुत्ते को पीटता रहा। फरीदाबाद के एनआईटी स्थित संजय एन्क्लेव की गली नंबर छह में हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घर से डंडा लेकर निकला व्यक्ति

पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी में दी गई शिकायत के अनुसार, कुत्ते को पीटने वाले व्यक्ति की पहचान समीर खान के रूप में बताई गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि वह अपने घर से हाथ में डंडा लेकर बाहर आता है। कुछ दूरी पर दो कुत्ते बैठे होते हैं। वह उनके पास पहुंचकर डंडे से मारना शुरू कर देता है। मार पड़ने पर कुत्ता भौंकने लगता है, लेकिन व्यक्ति उसे पीटता रहता है। आसपास के लोग उसे रोकने का प्रयास करते हैं। इसके बावजूद वह नहीं रुकता। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।