March 8, 2026

फरीदाबाद नगर निगम का स्वच्छता अभियान: ग्राम भतोला में डस्टबिन और कपड़े के बैग बांटे गए

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आज ग्राम भतोला (वार्ड 38) में शिव मंदिर चौक और बांके बिहारी मार्केट क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को घरेलू डस्टबिन और कपड़े के बैग वितरित किए गए।

कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों और निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में किया गया।

अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल ने बताया कि स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आस-पास सफाई रखें, गीला कचरा हरे डस्टबिन में और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में डालें। साथ ही उन्होंने कहा कि लोग प्लास्टिक की थैलियों की जगह कपड़े के बैग का इस्तेमाल करें।

अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने पूरे क्षेत्र की सफाई की। कार्यक्रम के अंत में घरेलू डस्टबिन और कपड़े के बैग स्थानीय निवासियों को वितरित किए गए।

यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत मिशन 2.0 और हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत आयोजित किया गया। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजब चंदीला सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए सफाई अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।