May 10, 2024

फरीदाबाद नगर निगम अब मुर्दों से भी वसूलेगा टैक्स, शवदाह गृह को भेजा नोटिस

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम अब मुर्दों से भी टैक्स वसूलने की तैयारी में है। इसको लेकर शवदाह गृह को साढ़े पांच लाख टैक्स जमा कराने का नोटिस भी भेज दिया गया। वहीं टैक्स जमा नहीं कराने पर सील करने की भी चेतावनी कर्मचारी ने दे डाली। जब शवदाह गृह के केयरटेकर ने उच्चाधिकारियों के सामने इस मामले को रखा तो जांच करने पर पता चला कि यह नोटिस प्रॉपर्टी आईडी में हुई गलती से वजह से जारी हो गया है।

नगर निगम बल्लभगढ़ जोन की ओर से तिगांव रोड पर बने शवदाह गृह में कर्मचारी को नगर निगम की ओर से साढ़े पांच लाख रुपये का नोटिस भेज दिया। वहीं मौजूद कर्मचारी को टैक्स नहीं भरने पर शवदाह गृह सील करने की भी चेतावनी दी गई। कर्मचारी ने नोटिस की जानकारी केयरटेकर बालकृष्ण शर्मा को दी। साढ़े पांच लाख का नोटिस देखकर बालकृष्ण शर्मा भी पूरी तरह से हतप्रभ रह गए। वह नोटिस लेकर तुरंत नगर निगम कार्यालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने क्षेत्रीय कर अधिकारी कार्यालय में अपनी शिकायत दी।

कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों ने भी बालकृष्ण शर्मा से कहा कि उनको टैक्स जमा कराना पड़ेगा। इसके बाद केयरटेकर क्षेत्रीय कर अधिकारी विजय सिंह से मिले। इसके बाद उनकी समस्या का समाधान हुआ। क्षेत्रीय कर अधिकारी विजय सिंह ने कहा कि यह नोटिस प्रॉपर्टी आईडी की गलती की वजह से जारी हुआ है। कई प्रॉपर्टी आईडी आपस में अटैच हो गई, इसलिए कई जगह गलत नोटिस गए हैं। यह नोटिस भी प्रॉपर्टी आईडी में गलती होने की वजह से चला गया है। इसमें जल्द सुधार कर लिया जाएगा।