Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मोबाइल फोन छीनने के बाद उसके जरिए पीड़ित के बैंक खाते से UPI के माध्यम से 91 हजार रुपये निकालने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अरमान निवासी छारौदा, नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हनुमान नगर, भारत कॉलोनी निवासी रमेश भगत ने पुलिस को बताया कि 3 नवंबर 2025 की रात करीब 10:45 बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। खाटू श्याम मंदिर, सेक्टर-20बी, मथुरा रोड के पास पत्नी का फोन आने पर वह सड़क किनारे रुका था। इसी दौरान एक युवक उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
अगले दिन बैंक पहुंचने पर रमेश को पता चला कि उसके खाते से UPI के जरिए 91 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। इसके बाद उसने थाना सेक्टर-8 में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि नीरज और सूरज ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने छीना हुआ मोबाइल अरमान को दे दिया। पुलिस के अनुसार, अरमान ने मोबाइल का इस्तेमाल कर पीड़ित के खाते से पैसे एक ऑनलाइन गेम के स्कैनर में ट्रांसफर किए। इसके बाद गेमिंग खाते से 42 हजार रुपये अपने खाते में भेजकर आरोपितों ने रकम आपस में बांट ली और मोबाइल फोन आगे बेच दिया।
पुलिस ने अरमान को गिरफ्तार कर उसके पास से 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में नीरज और सूरज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

