Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के मोहना रोड स्थित एक केमिस्ट की दुकान का ताला तोड़कर नकदी और महंगे इंजेक्शन चोरी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी के कब्जे से 3.50 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी गौरव कुमार की मोहना रोड पर दिल्ली जूस कॉर्नर के पास केमिस्ट की दुकान है। 10 सितंबर 2026 की रात वह दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन दुकान पर पहुंचने पर ताला टूटा मिला।
जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 1.50 लाख रुपये और ड्रॉअर में रखे करीब 3 लाख रुपये गायब मिले। इसके अलावा फ्रिज में रखे महंगे इंजेक्शन भी चोरी हो चुके थे।
मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने रतनेश निवासी गांव रामपुर बनेथु, जिला अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी संजय कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेडिकल स्टोर के पीछे स्थित एक दुकान पर बाइक मैकेनिक का काम करता था और अक्सर मेडिकल स्टोर पर आता-जाता था। इसी दौरान उसे दुकान में नकदी रखे होने की जानकारी मिली।
आरोप है कि रतनेश ने 10 सितंबर की रात ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी से 3.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

