Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 20 लाख रुपये का लोन दिलाने और ऑनलाइन टास्क के जरिए पैसे कमाने का झांसा देकर कुल 2.27 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है। कार्रवाई साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने की है।
लोन दिलाने के नाम पर 1.22 लाख रुपये ठगे
पहले मामले में पुलिस ने रजनीश कुमार निवासी पटना, बिहार और आकाश कुमार निवासी बिहार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिकायतकर्ता को 20 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर लोन प्रक्रिया और अन्य चार्ज के नाम पर 1,22,000 रुपये ठग लिए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आकाश ने रजनीश का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को दिया था। इस खाते में ठगी के 25 हजार रुपये आए थे। रजनीश दवाइयों की सप्लाई का काम करता है, जबकि आकाश बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ऑनलाइन टास्क के नाम पर 1.05 लाख रुपये की ठगी
दूसरे मामले में सेक्टर-10, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर होटल और अन्य स्थानों की रेटिंग देकर पैसे कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर उसे 150 रुपये दिए गए। इसके बाद अलग-अलग यूपीआई आईडी और बैंक खातों में पैसे जमा करवाए गए।
शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने 29 और 30 अगस्त 2025 को कुल 1,05,200 रुपये ट्रांसफर किए। बाद में आरोपियों ने 98 हजार रुपये और जमा करने को कहा तथा मुनाफे सहित पूरी रकम लौटाने का झांसा दिया।
इस मामले में पुलिस ने लोकेश बिश्नोई निवासी गांव घमंडिया, श्रीगंगानगर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को दिया था, जिसमें ठगी के 65 हजार रुपये आए थे। आरोपी को अदालत से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

