September 18, 2026

फरीदाबाद में करीब 5 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ नष्ट, 425 मामलों में 553 किलो से अधिक माल डिस्पोज ऑफ

फरीदाबाद पुलिस की ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा जब्त नशीले पदार्थों का निस्तारण

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत जब्त किए गए 553 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों को नष्ट किया है। पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई 18 सितंबर को ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में गांव जसाना स्थित गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में की गई।

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में फरीदाबाद पुलिस के 419 और जीआरपी के 6 मामलों सहित कुल 425 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। कार्रवाई पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता वाली ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में गवाहों की मौजूदगी में हुई।

गांजा, चरस, हेरोइन और अफीम समेत कई नशीले पदार्थ नष्ट

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, निस्तारण के दौरान 475.311 किलोग्राम गांजा, 68.442 किलोग्राम डोडा पोस्त, 5.418 किलोग्राम चरस, 772.45 ग्राम हेरोइन और 3 किलोग्राम 235 ग्राम 65 मिलीग्राम अफीम नष्ट की गई।

इसके अलावा 288 इंजेक्शन, 8 बोतल, 1,072 ट्रामाडोल कैप्सूल, 2,425 नशीली टैबलेट और 39 कैप्सूल भी नष्ट किए गए। एक मामले में बरामद एमडीएमए, कोकीन, कैफीन और मेथामफेटामाइन समेत अन्य पदार्थों का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।

जीआरपी के 6 मामलों में जब्त 42.286 किलोग्राम गांजा और 16.650 किलोग्राम डोडा पोस्त भी नष्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कमेटी की निगरानी में नियमानुसार नष्ट किया जाता है।