August 23, 2026

फरीदाबाद में मंत्री विपुल गोयल ने शुरू की जनसंवाद हेल्पलाइन, घर बैठे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद में जनसंवाद हेल्पलाइन शुरू की

Faridabad/Alive News: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए जनसंवाद हेल्पलाइन शुरू की है। अब क्षेत्रवासी घर बैठे अपनी शिकायत, समस्या और विकास से जुड़े सुझाव मंत्री तक पहुंचा सकेंगे। इसके लिए 7780077100 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

हेल्पलाइन के शुभारंभ के दौरान सेक्टर-16 स्थित अपने कार्यालय में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इसका उद्देश्य लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।

शिकायत के साथ देना होगा वार्ड नंबर

मंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराते समय संबंधित वार्ड नंबर भी बताना होगा। इसके बाद मंत्री की टीम शिकायत को संबंधित विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाएगी और उनके साथ समन्वय कर समस्या का जल्द समाधान कराने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि जनसंवाद हेल्पलाइन के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

विकास से जुड़े सुझाव भी दे सकेंगे

जनसंवाद हेल्पलाइन पर लोग केवल शिकायत ही नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के विकास से जुड़े सुझाव भी दे सकेंगे। सड़क, सफाई, बिजली, पानी और अन्य स्थानीय सुविधाओं से संबंधित समस्याओं व सुझावों को भी इस माध्यम से सामने रखा जा सकेगा।

विपुल गोयल ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है।